भारत-ईयू एफटीए से व्यापार और निवेश बढ़ने की उम्मीद: लीस
जर्मनी के लोअर सैक्सोनी के प्रमुख ओलाफ लीस ने कहा कि भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते से निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
जर्मनी के लोअर सैक्सोनी के प्रमुख ओलाफ लीस ने कहा कि भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते से निवेश, व्यापार और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

नई दिल्ली, 24 नवंबर: भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) से दोनों पक्षों के बीच व्यापार, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। जर्मनी के लोअर सैक्सोनी राज्य के प्रमुख ओलाफ लीस ने सोमवार को यह बात कही।
लीस ने कहा कि इस समझौते से भारत में निवेश करने की इच्छुक जर्मन कंपनियों के साथ-साथ जर्मनी में कारोबारी अवसर तलाश रहे भारतीय व्यवसायों को भी फायदा होगा।
भारत और 27 सदस्यीय यूरोपीय संघ के बीच एफटीए को लेकर बातचीत जनवरी में पूरी हो गई थी। इस समझौते पर दिसंबर में हस्ताक्षर होने की उम्मीद है।
भारत-जर्मनी कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
राज्य संसद के सदस्यों सहित करीब 60 राजनीतिक और व्यावसायिक प्रतिनिधियों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे लीस ने सोमवार को भारत की आधिकारिक यात्रा शुरू की। अपनी यात्रा के दौरान वह दिल्ली, पुणे और मुंबई में विभिन्न बैठकों में हिस्सा लेंगे।
नई दिल्ली स्थित जर्मन दूतावास में एक सभा को संबोधित करने के बाद पीटीआई-भाषा से बातचीत में लीस ने कहा, ''एफटीए हमारे देशों के बीच अधिक निवेश, अधिक व्यापार और अधिक कारोबार के लिए एक बड़ा अवसर है।''
उन्होंने भरोसा जताया कि इस साल के अंत तक एफटीए को लेकर कोई समाधान निकल आएगा।
जर्मनी का दूसरा सबसे बड़ा राज्य है लोअर सैक्सोनी
लोअर सैक्सोनी जर्मनी के 16 राज्यों में से एक है और देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में स्थित है। इसकी सीमा उत्तरी सागर से लगती है और इसकी राजधानी हनोवर है।
करीब 81 लाख से अधिक आबादी वाला लोअर सैक्सोनी क्षेत्रफल के लिहाज से जर्मनी का दूसरा सबसे बड़ा और जनसंख्या के लिहाज से चौथा सबसे बड़ा राज्य है।
टिप्पणियां (0)
अभी कोई टिप्पणी नहीं है — पहली टिप्पणी आप करें!
टिप्पणी लिखें