Nabh Chhor
Sports

यूएस ओपन में बड़ा उलटफेर: पहले ही दौर में हारे नोवाक जोकोविच, नावोन ने रचा इतिहास

यूएस ओपन में बड़ा उलटफेर: पहले ही दौर में हारे नोवाक जोकोविच, नावोन ने रचा इतिहास
N

Naresh Kumar

Aug 31, 2026

18 Views
रिकॉर्ड 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच पहली बार यूएस ओपन के पहले दौर में हारकर बाहर हो गए। अर्जेंटीना के मारियानो नावोन ने पांच सेट और साढ़े चार घंटे से अधिक चले रोमांचक मुकाबले में उन्हें शिकस्त दी।

रिकॉर्ड 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच पहली बार यूएस ओपन के पहले दौर में हारकर बाहर हो गए। अर्जेंटीना के मारियानो नावोन ने पांच सेट और साढ़े चार घंटे से अधिक चले रोमांचक मुकाबले में उन्हें शिकस्त दी।

 
न्यूयॉर्क, 31 अगस्त दिग्गज खिलाड़ी और रिकॉर्ड 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच अपने करियर में पहली बार यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के पहले दौर में हारकर बाहर हो गए। उन्हें अर्जेंटीना के मारियानो नावोन ने पांच सेट तक चले कड़े मुकाबले में 7-6 (5), 5-7, 4-6, 6-2, 6-1 से हराया।
 
यूएस ओपन के पहले दौर में जोकोविच का रिकॉर्ड 19-0 था और उन्होंने 2006 के ऑस्ट्रेलियन ओपन के बाद से किसी भी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में अपना पहला मैच नहीं हारा था।  लेकिन फ्लशिंग मीडोज में चौथी वरीयता प्राप्त और चार बार के चैंपियन 39 वर्षीय जोकोविच काफी परेशान  नजर आए। साढ़े चार घंटे से अधिक चले इस मैच के दौरान उन्हें उल्टी हुई और पैरों में भी तकलीफ हुई। जोकोविच यूएस ओपन में तीसरे दौर से पहले कभी नहीं हारे थे।
 
पहले सेट के दौरान उनका मैच बीच में ही रोक दिया गया ताकि बारिश के कारण आर्थर ऐश स्टेडियम की छत को बंद किया जा सके। इससे पहले तीसरी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला और 11वीं वरीयता प्राप्त मार्टा कोस्त्युक ने महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश किया।
 
पेगुला ने एलेना-गैब्रिएला रूसे को 6-3, 6-2 से हराया। इस सत्र में सर्वाधिक 46 मैच जीतने वाली पेगुला का अगला मुकाबला वीनस विलियम्स और वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी सोफिया केनिन के बीच होने वाले मैच की विजेता से होगा। पेगुला ने कहा, ''मैदान में उतरने से पहले मैं बहुत घबराई हुई थी, लेकिन मेरे कोच ने कहा कि मैंने अच्छा प्रदर्शन किया।'' 
 
कोस्त्युक ने स्टॉर्म हंटर को 6-4, 6-1 से हराकर साल के आखिरी ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की। इससे पहले वह फ्रेंच ओपन और विंबलडन के सेमीफाइनल में पहुंच चुकी थीं। पुरुष एकल में 2021 के चैंपियन और सातवीं वरीयता प्राप्त दनिल मेदवेदेव ने ह्यूगो गैस्टन को 6-4, 6-2, 6-4 से हराया। 
 
पिछले कुछ समय से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले मेदवेदेव ने कहा, ''पिछले कुछ सप्ताह आसान नहीं थे। लेकिन मुझे खुशी है कि आज मैं शानदार टेनिस का प्रदर्शन करने में सफल रहा।'' अमेरिका के 20वीं वरीयता प्राप्त टॉमी पॉल ने कोलमैन वोंग से पहले सेट के टाईब्रेक में हारने के बाद शानदार वापसी करते हुए 6-7 (3), 6-1, 6-3, 6-3 से जीत हासिल की।
 
महिला एकल के पहले दौर में उलटफेर भी देखने को मिला क्योंकि दो बार की ग्रैंड स्लैम एकल चैंपियन और 27वीं वरीयता प्राप्त बारबोरा क्रेज्सिकोवा, कामिला रखिमोवा से 7-6 (4), 6-2 से हार गईं।

Related Stories

ई-पेपर