ईरान को हराकर भारतीय महिला कबड्डी टीम ने रचा इतिहास, चौथी बार जीता एशियाई खेलों का स्वर्ण
Naresh Kumar
Sep 26, 2026
एशियाई खेलों में भारत की महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ईरान को 37-34 से हराकर चौथी बार स्वर्ण पदक अपने नाम किया। हाफ टाइम तक 22-16 की बढ़त के बाद ईरान ने जोरदार वापसी की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने आखिरी पलों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने मैदान का चक्कर लगाकर ‘वंदे मातरम’ गाया।

गत चैम्पियन भारत ने एशियाई खेलों की कबड्डी स्पर्धा में अपना दबदबा कायम रखते हुए ईरान को शनिवार को फाइनल में 37 . 34 से हराकर महिला वर्ग में चौथी बार स्वर्ण पदक जीत लिया ।
भारत की महिला कबड्डी टीम ने जकार्ता में 2018 में हुए खेलों के अलावा हर एशियाई खेल में स्वर्ण पदक जीता है । जकार्ता में उसे फाइनल में ईरान ने हराया था ।
भारत ने हाफ टाइम तक 22 . 16 से बढत बना ली थी लेकिन दूसरे हाफ में ईरान ने वापसी करके स्कोर अंतर सिर्फ एक अंक का करके स्कोर 26 . 27 कर दिया ।
भारत एक समय 27 . 22 से आगे था लेकिन ईरान की एटेना मदादी ने चार अंक की रेड करके स्कोर 27 . 26 कर दिया । भारतीय डिफेंस ने इसके बाद संभलकर ईरान को मौके नहीं दिये ।
भारत की बढत एक बार फिर तीन अंक की ही रह गई जब पिंकी रेडर को पकड़ने में नाकाम रही लेकिन संजू ने रेड पर दो ईरानी खिलाड़ियों को पकड़कर दो अंक बनाये। पुष्पा राणा ने ईरान के अगले हमले पर जबर्दस्त टैकल के जरिये भारत को 34 . 28 से आगे कर दिया जिस समय चार मिनट का खेल बाकी था ।
इस जीत के बाद भारतीय टीम ने मैदान का चक्कर लगाते हुए 'वंदे मातरम' गीत गाया ।
पुरूष टीम फाइनल में ईरान से ही खेलेगी ।
पुरूष और महिला की कबड्डी टीमों ने एक बार को छोड़कर हमेशा स्वर्ण पदक जीता है । पुरूष टीम भी जकार्ता में 2018 में फाइनल में ईरान से हारी थी लेकिन हांगझोउ में 2023 में खिताब फिर जीता ।