Nabh Chhor
National

वायुसेना प्रमुख बोले, अभियानगत क्षमताएं सही दिशा में बढ़ रहीं

वायुसेना प्रमुख बोले, अभियानगत क्षमताएं सही दिशा में बढ़ रहीं
N

Naresh Kumar

Oct 08, 2026

10 Views
वायुसेना दिवस पर एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना सतर्क, सक्षम और हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार है।

वायुसेना दिवस पर एयर चीफ मार्शल एपी सिंह ने कहा कि भारतीय वायुसेना सतर्क, सक्षम और हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार है।

गाजियाबाद (उप्र), आठ अक्टूबर। वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय वायुसेना की अभियानगत क्षमताएं सही दिशा में बढ़ रही हैं और यह बल सतर्क है तथा किसी भी चुनौती से निपटने के लिए तैयार है।

94 साल में दुनिया के बेहतरीन सैन्य बलों में शामिल हुई वायुसेना

वायुसेना प्रमुख ने यहां हिंडन वायुसेना स्टेशन पर आयोजित वायुसेना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि अपने 94 वर्ष के सफर में भारतीय वायुसेना दुनिया के बेहतरीन सैन्य बलों में शामिल एक असाधारण, सक्षम, नेटवर्क-केंद्रित और बहु-क्षेत्रीय बल के रूप में विकसित हुई है।

उन्होंने देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वायु योद्धाओं को नमन किया।

एयर चीफ मार्शल सिंह ने कहा कि दुनिया के कुछ हिस्सों में हुए संघर्षों ने दिखाया है कि किसी देश के हितों की रक्षा के लिए वायु शक्ति प्रमुख साधन है।

'ऑपरेशन सिंदूर' में दिखाई तेजी से अभियान चलाने की क्षमता

वायुसेना प्रमुख ने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए कहा कि इस अभियान में भारतीय वायुसेना ने सैन्य अभियानों को तेजी से संचालित करने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया।

उन्होंने कहा कि भारतीय वायुसेना सतर्क, प्रतिबद्ध और किसी भी चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है।

एयर चीफ मार्शल ने कहा, ''हमारी अभियानगत क्षमताएं सही दिशा में बढ़ रही हैं।'' उन्होंने कहा कि वायुसेना उम्मीदों पर खरा उतरने, बल्कि उनसे भी बेहतर प्रदर्शन करने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगे एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह

एयर चीफ मार्शल सिंह ने 31 अक्टूबर को अपनी सेवानिवृत्ति का जिक्र करते हुए कहा कि वायुसेना प्रमुख के रूप में सेवा करना ''मेरे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य'' रहा और यह उनके लिए गर्व की बात है।

हिंडन वायुसेना स्टेशन पर आयोजित 94वें वायुसेना दिवस समारोह में औपचारिक परेड के साथ वायुसेना के कुछ प्रमुख लड़ाकू विमानों का प्रदर्शन किया गया। समारोह में तीनों सेनाओं के प्रमुख और अन्य वरिष्ठ सैन्य अधिकारी मौजूद थे। वायुसेना के कई पूर्व प्रमुखों ने भी कार्यक्रम में हिस्सा लिया।

एयर चीफ मार्शल सिंह 1960 के दशक की एक पुरानी कार में परेड स्थल पहुंचे। इस दौरान तीन हेलीकॉप्टरों ने उनके ऊपर से 'ध्वज' आकृति बनाते हुए उड़ान भरी।

वायुसेना ने हवाई पट्टी पर राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और जगुआर जैसे लड़ाकू विमानों, एलसीएच प्रचंड और एएलएच ध्रुव जैसे हेलीकॉप्टरों तथा महत्वपूर्ण हथियार एवं वायु रक्षा प्रणालियों का स्थिर प्रदर्शन किया।

Related Stories

ई-पेपर