Nabh Chhor
National

दिल्ली में तिरंगा मार्च से ट्रैफिक प्रभावित, दोपहर 3 बजे से कई सड़कें अलर्ट पर

दिल्ली में तिरंगा मार्च से ट्रैफिक प्रभावित, दोपहर 3 बजे से कई सड़कें अलर्ट पर
N

Naresh Kumar

Oct 16, 2026

27 Views
कॉकरोच जनता पार्टी के ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च के मद्देनजर मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित होने की आशंका है। जानिए किन सड़कों पर असर पड़ सकता है और पुलिस की एडवाइजरी क्या है।

कॉकरोच जनता पार्टी के ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च के मद्देनजर मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित होने की आशंका है। जानिए किन सड़कों पर असर पड़ सकता है और पुलिस की एडवाइजरी क्या है।

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर। कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) की ओर से शुक्रवार शाम कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रस्तावित 'लहरा दो तिरंगा' मार्च के मद्देनजर मध्य दिल्ली में यातायात प्रभावित होने की आशंका है। दिल्ली यातायात पुलिस ने लोगों को दोपहर 3 बजे से कई प्रमुख सड़कों पर संभावित जाम और मार्ग परिवर्तन को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी है।

मध्य दिल्ली की कई प्रमुख सड़कों पर असर संभव

दिल्ली यातायात पुलिस की ओर से जारी परामर्श के अनुसार, जरूरत पड़ने पर यातायात के मार्गों में बदलाव किया जा सकता है। जिन सड़कों पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है, उनमें संसद मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, शहीद भगत सिंह मार्ग, पंचकुइयां रोड, बसंत लेन, चेल्म्सफोर्ड रोड, मिंटो रोड, बाराखंभा रोड, कस्तूरबा गांधी मार्ग, तिलक मार्ग और सिकंदरा रोड शामिल हैं।

इसके अलावा जनपथ, रेल भवन, रफी मार्ग, सी-हेक्सागन, मंडी हाउस, पटेल चौक, विंडसर प्लेस, गोल डाकखाना, अशोक रोड और टॉलस्टॉय मार्ग पर भी यातायात प्रभावित हो सकता है।

यातायात पुलिस की वाहन चालकों को सलाह

यातायात पुलिस ने लोगों से घर से निकलने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलने और जहां तक संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है। वाहन चालकों को मौके पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह भी दी गई है।

पुलिस ने सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करने और केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने को कहा है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा सेंट्रल पार्क

कॉजपा के संस्थापक दीपके ने नागरिकों से मार्च में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज फहराना लोकतांत्रिक अधिकार है और राजनीतिक दलों से भी प्रदर्शन में भाग लेने का आग्रह किया है।

हालांकि, दिल्ली पुलिस के अनुसार, नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने पत्र लिखकर सूचित किया है कि कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क 16 और 17 अक्टूबर को बंद रहेगा। एनडीएमसी ने पार्क की सुरक्षा सुनिश्चित करने और अनधिकृत प्रवेश रोकने का अनुरोध भी किया है।

कनॉट प्लेस और आसपास निषेधाज्ञा लागू

दिल्ली पुलिस ने बताया कि मौजूदा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए कनॉट प्लेस तथा आसपास के क्षेत्रों में शांति बनाए रखने और लोगों व संपत्तियों की सुरक्षा के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा पहले से लागू है।

पुलिस ने लोगों से प्रस्तावित मार्च से दूर रहने की अपील की है। हालांकि, पुलिस के अनुसार, वह लोगों के एक सीमित समूह को किसी उपयुक्त स्थान पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने और राष्ट्रगान गाने की सुविधा दे सकती है।

यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे मध्य दिल्ली की यात्रा से पहले संभावित मार्ग परिवर्तन को ध्यान में रखें और अनावश्यक परेशानी से बचने के लिए अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें।

Related Stories

ई-पेपर