दिल्ली में 70 लाख की लूट, छह आरोपी गिरफ्तार
Naresh Kumar
Nov 04, 2026
आंखों में मिर्च पाउडर डालकर 70 लाख रुपये की लूट, छह आरोपी गिरफ्तार; 30.23 लाख रुपये बरामद

Related Story
किरेन रीजीजू का राहुल गांधी पर तंज, कांग्रेस को ज्यादा सीटों के लिए दीं 7 सलाह
3 hours ago
नई दिल्ली: उत्तर दिल्ली के गुलाबी बाग अंडरपास के पास एक स्कूटी सवार की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर कथित रूप से 70 लाख रुपये लूटने के मामले में पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 30.23 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के गया निवासी चंदन कुमार (20), सुषोभन उर्फ सोनू (28), मनीष कुमार उर्फ विक्की (21), योगेश कुमार (30), दिल्ली के बुराड़ी निवासी सीतू (31) और झारखंड के चतरा निवासी मंटू यादव (25) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, सीतू के खिलाफ लूट के छह मामले पहले भी दर्ज हैं।
उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) निहारिका भट्ट ने बताया कि 24 अक्टूबर को शिकायतकर्ता अपने नियोक्ता के कहने पर चांदनी चौक के कूचा घासी राम स्थित कूचा महाजनी से 70 लाख रुपये लेने गया था। रात करीब आठ बजे वह रकम एक काले बैग में रखकर स्कूटी से मायापुरी के लिए रवाना हुआ।
उन्होंने कहा कि रात करीब साढ़े नौ बजे गुलाबी बाग अंडरपास और रोशनआरा पार्क के पास मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों ने उसकी स्कूटी रोक ली। इनमें से एक ने उसकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया, जबकि अन्य दो ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
इस संबंध में रूपनगर थाने में 26 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस के मुताबिक, कूचा महाजनी के सीसीटीवी फुटेज में दो मोटरसाइकिल शिकायतकर्ता की स्कूटी का पीछा करती दिखाई दीं। तकनीकी निगरानी और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के विश्लेषण से आरोपियों की पहचान की गई।
डीसीपी ने बताया कि इसके बाद दिल्ली, राजस्थान और बिहार में छापेमारी करके 29 और 30 अक्टूबर को पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनकी पूछताछ से मिली जानकारी के आधार पर 31 अक्टूबर को मंटू यादव को चांदनी चौक के बल्लीमारान इलाके से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया कि मंटू यादव कूचा महाजनी की एक दुकान पर सफाईकर्मी के रूप में काम कर चुका था और वहां नकदी लेकर आने-जाने वालों की गतिविधियों से परिचित था। पुलिस के अनुसार, उसने कथित तौर पर अन्य आरोपियों को एकत्र करके लूट की साजिश रची थी।
भट्ट ने बताया कि पुलिस ने कुल 30,23,000 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, एक काला बैग, तीन डेबिट कार्ड और एक पैन कार्ड बरामद किया है। पुलिस अब दो अन्य संदिग्धों पवन और वकील की तलाश कर रही है।