Nabh Chhor
National

राजस्थान में सरपंच चुनाव का विवाद, पिता पर बेटे-बहू को कार से कुचलने का आरोप

राजस्थान में सरपंच चुनाव का विवाद, पिता पर बेटे-बहू को कार से कुचलने का आरोप
N

Naresh Kumar

Oct 14, 2026

22 Views
चूरू के चंगोई गांव में सरपंच चुनाव लड़ने को लेकर विवाद के बाद बेटे और बहू की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर कार जब्त की।

चूरू के चंगोई गांव में सरपंच चुनाव लड़ने को लेकर विवाद के बाद बेटे और बहू की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर कार जब्त की।

जयपुर, 14 अक्टूबर। राजस्थान के चूरू जिले में सरपंच का चुनाव लड़ने को लेकर परिवार में हुए विवाद के बाद एक व्यक्ति पर अपने बेटे और बहू को कार से कुचलकर मारने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार, घटना चंगोई गांव में मंगलवार देर रात हुई। मामले में आरोपी पिता को हिरासत में ले लिया गया है और कार जब्त कर ली गई है।

सरपंच चुनाव लड़ने को लेकर कई दिनों से था विवाद

तारानगर के पुलिस उपाधीक्षक रोहित सांखला ने बताया कि आरोपी की पहचान रामचंद्र जाट (60) के रूप में हुई है। वह धर्मकांटा संचालित करता है और सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था।

पुलिस के मुताबिक, उसके बेटे रविंद्र (40) और बहू महिंद्रा (35) उसे चुनाव लड़ने से मना कर रहे थे। इस मुद्दे को लेकर परिवार में पिछले कई दिनों से विवाद चल रहा था।

धर्मकांटे पर फिर हुआ विवाद

पुलिस के अनुसार, मंगलवार रात घर पर पिता और बेटे के बीच एक बार फिर विवाद हुआ। इसके बाद रविंद्र और महिंद्रा धर्मकांटे पर चले गए। कुछ देर बाद रामचंद्र भी अपनी पत्नी धर्मा देवी के साथ वहां पहुंचा, जहां दोबारा विवाद हो गया।

पुलिस का कहना है कि इसके बाद जब रविंद्र और महिंद्रा घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में रामचंद्र ने कथित तौर पर अपनी कार से दोनों को कुचल दिया। इस घटना में रविंद्र और महिंद्रा की मौत हो गई।

आरोपी हिरासत में, पंचायत चुनाव के लिए 16 नवंबर को मतदान

पुलिस ने रामचंद्र को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना में इस्तेमाल की गई कार जब्त कर ली गई है। दोनों शवों को तारानगर के सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।

पुलिस के अनुसार, तारानगर क्षेत्र में पंचायत चुनाव के चौथे चरण के तहत 16 नवंबर को मतदान होना है। इस दिन पंच और सरपंच पदों के लिए वोट डाले जाएंगे। मामले की जांच जारी है।

Related Stories

ई-पेपर