National
NTA ने जारी किया दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक परीक्षाओं का प्रस्तावित शेड्यूल
N
Naresh Kumar
Sep 17, 2026
22 Views
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक प्रस्तावित 14 प्रतियोगी परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया है। JEE Main, UGC-NET, CMAT और CUET-PG समेत कई परीक्षाएं इस अवधि में होंगी।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक प्रस्तावित 14 प्रतियोगी परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी किया है। JEE Main, UGC-NET, CMAT और CUET-PG समेत कई परीक्षाएं इस अवधि में होंगी।

नयी दिल्ली, 17 सितंबर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक आयोजित होने वाली परीक्षाओं का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी कर दिया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, '' दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा आयोजित की जाने वाली परीक्षाओं का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। ये तारीखें अस्थायी हैं और प्रशासनिक, शैक्षणिक, वैधानिक, व्यवस्थागत या अन्य अप्रत्याशित परिस्थितियों के कारण इनमें बदलाव हो सकता है।''
इस अवधि के दौरान कुल 14 प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है।इंजीनियरिंग प्रवेश के लिए जेईई-मेन का पहला चरण 22 से 24 जनवरी और 28 से 30 जनवरी 2027 को आयोजित किए जाने का प्रस्ताव है। 31 जनवरी को वैकल्पिक तिथि के रूप में रखा गया है।
यूजीसी-नेट की परीक्षा संभावित रूप से 14 से 19 दिसंबर तक होगी। इसके लिए 20 और 21 दिसंबर वैकल्पिक तिथियां रखी गई हैं। संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट 20 और 21 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा।
सामान्य प्रबंधन प्रवेश परीक्षा (सीमैट) 7 फरवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। सामान्य विश्वविद्यालय स्नातकोत्तर प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी-पीजी) 1 से 5 मार्च, 8 मार्च, 12 से 20 मार्च तथा 24 और 25 मार्च 2027 को आयोजित की जाएगी। 30 और 31 मार्च को वैकल्पिक तिथियों के रूप में रखा गया है।
इस दौरान जिन अन्य परीक्षाओं के आयोजन का प्रस्ताव है, उनमें नेशनल इनिशिएटिव फॉर टेक्निकल टीचर्स ट्रेनिंग (एनआईटीटीटी) पार्ट 1 और 2, आर्मी कैडेट्स कॉलेज परीक्षा, एनआईएफटी प्रवेश परीक्षा, राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज परीक्षा, राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल परीक्षा, ऑल इंडिया सैनिक स्कूज परीक्षा शामिल हैं।