Nabh Chhor
National

कांग्रेस के रोकने के बावजूद हरीश रावत ने जारी रखी यात्रा

कांग्रेस के रोकने के बावजूद हरीश रावत ने जारी रखी यात्रा
N

Naresh Kumar

Oct 05, 2026

18 Views
उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने हरीश रावत से ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ आगे नहीं बढ़ाने को कहा था। इसके बावजूद रावत ने जसपुर से हल्द्वानी तक यात्रा जारी रखने का ऐलान किया।

उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा ने हरीश रावत से ‘धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा’ आगे नहीं बढ़ाने को कहा था। इसके बावजूद रावत ने जसपुर से हल्द्वानी तक यात्रा जारी रखने का ऐलान किया।

कांग्रेस ने यात्रा रोकने निर्देश दिया, रावत अपने कार्यक्रम पर अड़े
 
देहरादून/नयी दिल्ली, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पार्टी द्वारा उनकी 'धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा' को आगे नहीं बढ़ाने का निर्देश दिए जाने के बाद सोमवार को अपने समर्थकों का आह्वान किया कि अब रुकना नहीं है और प्रदेश में बदलाव तथा पार्टी को सत्ता में वापस लाना है।
 
इससे पहले, पार्टी ने उनसे यह यात्रा रोकने के लिए कहा था। पार्टी का कहना है कि चुनाव से कुछ महीने पहले किसी भी तरह का समानांतर कार्यक्रम कांग्रेस के हित में नहीं होगा। कांग्रेस महासचिव और उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा ने एक अक्टूबर को रावत को पत्र लिखकर उनकी यात्रा को लेकर नाराजगी जताई थी।
 
उन्होंने रावत के हालिया कुछ बयानों का भी जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव के मद्देनजर पार्टी को एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। सैलजा ने पत्र में कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि रावत राज्य में 'यात्रा' निकाल रहे हैं, लेकिन इस संबंध में न तो उनसे और न ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष से कोई चर्चा की गई है। उन्होंने मीडिया में रावत के हालिया कुछ बयानों को लेकर आई खबरों का भी उल्लेख किया।
 
उन्होंने कहा कि राज्य में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे समय में पार्टी को एकजुट होकर काम करना जरूरी है। सैलजा ने रावत से कहा, ''आप भी समझेंगे कि इस समय ऐसा कोई समानांतर कार्यक्रम पार्टी के हित में नहीं होगा।'' उन्होंने रावत से इन कार्यक्रमों को आगे नहीं बढ़ाने के लिए।
 
हालांकि, सैलजा के पत्र के बाद रावत ने सोमवार को 'एक्स' पर अपने रुख को स्पष्ट करते हुए कहा कि वह यात्रा नहीं रोकेंगे। 
 
उन्होंने लिखा, ''साथियों, चुनौती बड़ी है। लेकिन उत्तराखंड के स्वाभिमान के लिए हमारा संकल्प भी दृढ़ है! 'धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा' के इस दौर में अब रुकना नहीं है।'' रावत ने यह भी कहा, ''उठो, चलो... राज्य में बदलाव लाना है और कांग्रेस को वापस लाना है!''
 
उन्होंने 5 अक्टूबर के अपने कार्यक्रम का ब्यौरा साझा करते हुए लोगों से जसपुर से हल्द्वानी तक यात्रा में जुड़ने का आह्वान किया। रावत ने कहा, ''आइए आज साथ मिलते हैं, संवाद करते हैं और देवभूमि के हक की लड़ाई को आगे बढ़ाते हैं।''
 
रावत उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों में 'धन्यवाद एवं जनसंवाद यात्रा' के जरिए लोगों से संपर्क कर रहे हैं। उत्तराखंड में अगले साल फरवरी-मार्च में विधानसभा चुनाव संभावित हैं।

Related Stories

ई-पेपर