Breaking News
वोटिंग से पहले राजस्थान में खेला, 77 उम्मीदवार बिना लड़े जीते
N
Naresh Kumar
Sep 07, 2026
8 Views
राजस्थान में 77 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, जिनमें 37 महिलाएं शामिल हैं। भाजपा के 44 और कांग्रेस के 16 प्रत्याशी जीते।
राजस्थान में 77 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, जिनमें 37 महिलाएं शामिल हैं। भाजपा के 44 और कांग्रेस के 16 प्रत्याशी जीते।

Related Story
श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान खंभे से टकराया इंडिगो विमान, सभी यात्री सुरक्षित
3 days ago
जयपुर, सात सितंबर राजस्थान में शहरी निकाय चुनावों में 77 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं, जिनमें 37 महिलाएं शामिल हैं। निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, निर्विरोध निर्वाचित उम्मीदवारों में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 44 और कांग्रेस के 16 प्रत्याशी शामिल हैं।
निर्विरोध जीतकर पार्षद बनने वाले सबसे युवा उम्मीदवारों में चार महिलाएं शामिल हैं जिनमें सीकर जिले की रामगढ़ शेखावाटी नगर पालिका से कांग्रेस की 22 वर्षीय सोफिया सबसे कम उम्र की हैं।
इसके बाद नागौर जिले की बसानी नगर पालिका से कांग्रेस की मोना बानो (23) और डीग जिले की पहाड़ी नगर पालिका से भाजपा की पिंकी कुमारी (24) निर्विरोध निर्वाचित हुई हैं। अधिकारियों के मुताबिक निर्विरोध चुने गए शेष 17 उम्मीदवार निर्दलीय हैं। राज्य के शहरी निकायों की शेष 232 सीटों के लिए मतदान नौ सितंबर और 11 सितंबर को होगा।
राजधानी जयपुर में निर्विरोध निर्वाचन का यह सिलसिला देखने को नहीं मिला। यहां 150 वार्डों में से किसी भी वार्ड में कोई उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित नहीं हुआ है।
निर्वाचन अधिकारियों के अनुसार, डीग जिले में सबसे अधिक 10 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। इसके बाद चित्तौड़गढ़ में छह और सीकर में पांच उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। वहीं, अलवर, झुंझुनू, जोधपुर और खैरथल-तिजारा में चार-चार उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। भरतपुर, बीकानेर, जयपुर ग्रामीण, धौलपुर और जालौर में तीन-तीन उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं।
प्रतिशत के हिसाब से निर्विरोध निर्वाचित कुल सीटों में राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा से जुड़े उम्मीदवारों की हिस्सेदारी करीब 56.40 प्रतिशत है। वहीं कांग्रेस की हिस्सेदारी 20.50 प्रतिशत और निर्दलीय उम्मीदवारों की 23.10 प्रतिशत रही।
डीग में निर्विरोध निर्वाचित 10 उम्मीदवारों में से सात निर्दलीय हैं। वहीं, चित्तौड़गढ़ की सभी छह सीटों पर भाजपा उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं। जोधपुर जिले की बिलाड़ा नगर पालिका में भाजपा के सभी चार उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा जालौर, डूंगरपुर, झुंझुनू, पाली और राजसमंद में भी सत्तारूढ़ दल के उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं।
कांग्रेस के 16 निर्विरोध निर्वाचित उम्मीदवार बूंदी, दौसा, धौलपुर, श्रीगंगानगर, जैसलमेर, झालावाड़, झुंझुनू और कोटा समेत विभिन्न क्षेत्रों से हैं। निर्दलीय उम्मीदवारों ने भरतपुर, डीग, धौलपुर, झुंझुनू और करौली समेत कई स्थानों पर निर्विरोध जीत दर्ज की है।