Breaking News
श्रीनगर एयरपोर्ट पर पार्किंग के दौरान खंभे से टकराया इंडिगो विमान, सभी यात्री सुरक्षित
N
Naresh Kumar
Sep 04, 2026
10 Views
नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंचा इंडिगो का विमान पार्किंग के दौरान वीडीजीएस खंभे से टकरा गया। विमान को नुकसान पहुंचा, लेकिन सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं। एएआई के अनुसार घटना की जांच होगी, जबकि एयरपोर्ट परिचालन सामान्य रहा।
नवी मुंबई से श्रीनगर पहुंचा इंडिगो का विमान पार्किंग के दौरान वीडीजीएस खंभे से टकरा गया। विमान को नुकसान पहुंचा, लेकिन सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं। एएआई के अनुसार घटना की जांच होगी, जबकि एयरपोर्ट परिचालन सामान्य रहा।

श्रीनगर, चार सितंबर नवी मुंबई से श्रीनगर के बीच संचालित होने वाला इंडिगो का एक विमान शुक्रवार को श्रीनगर हवाई अड्डे पर पार्किंग के दौरान एक खंभे से टकरा गया। हादसे में विमान को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी यात्री या चालक दल के सदस्य के घायल होने की सूचना नहीं है।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने एक बयान में कहा कि उड़ान संख्या 6ई 225 (वीटी-एनओजी) को सुबह नौ बजकर दो मिनट पर 'बे' नंबर छह पर खड़ा किया जा रहा था और इसी दौरान विमान 'विजुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम' (वीडीजीएस) के खंभे से टकरा गया।
हवाई अड्डे पर 'बे' वह निश्चित स्थान या क्षेत्र होता है जहां विमान को खड़ा किया जाता है। एएआई ने बयान में कहा, ''सभी यात्री और चालक दल के सदस्य सुरक्षित हैं और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।'' इसने कहा कि यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को विमान से उतरने के लिए सीढ़ियों का इस्तेमाल किया गया।
एएआई ने कहा कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित अधिकारी घटना के कारणों की जांच करेंगे।बयान में कहा गया, ''जांच पूरी होने के बाद ही घटना के सही कारण का पता चलेगा और इस स्तर पर कारण को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला जा रहा है।'' इसमें कहा गया कि हवाई अड्डे पर परिचालन सामान्य रहा और उड़ानों का आगमन तथा प्रस्थान निर्धारित समय के अनुसार जारी रहा।